सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

कहानी : तोहफा : परिधि शर्मा / KAHANI:TOHAFA : PARIDHI SHARMA

 


 

परिधि की कहानी तोहफा छत्तीसगढ़ में औद्योगिकरण से उपजी भीषण समस्याओं की ओर इशारा करती है। उद्योगों से निकले गर्म राख के निदान की ओर उद्योगों के मालिकों का कोई ध्यान नहीं रहता क्योंकि इसके समुचित निदान में बहुत अधिक खर्च होने की संभावना बनी रहती है। उद्योगों के मालिक गर्म राख को जहां जगह मिलती है वहीं डंफ कर देते हैं । छत्तीसगढ़ में खेल के मैदान और किसानों की जमीनें भी इससे बर्बाद हो रही हैं क्योंकि वहां भी जोर जबरदस्ती यह गर्म राख आए दिन डंफ कर दिया जाता है।

तोहफा कहानी में जन्म से अंधी एक लड़की बबली भी इसी गर्म राख से जलने का शिकार होती है । बच्चे मैदान में खेल रहे होते हैं। उनकी आवाज सुनकर जन्म से अंधी लड़की बबली भी एक लाठी के सहारे मैदान की तरफ बढ़ती है और गर्म राख से झुलस कर उसकी मृत्यु हो जाती है । इस मृत्यु पर नोटिस लेने वाला गांव में कोई नहीं मिलता। उद्योग मालिकों के विरुद्ध कोई आवाज नहीं उठती । यहां तक कि लड़की के पिता की ओर से भी चुप्पी साध ली जाती है क्योंकि फेक्ट्री का मैनेजर लड़की के पिता के घर आकर अपने बिरूद्ध बन रही सारी परिस्थितियों को पैसे के बल पर मैनेज कर लेता है। बाकी लोग सिर्फ खुसुर फुसुर करते हुए देखते रह जाते हैं।

यह कहानी उद्योगों से उपजी भीषण समस्या की ओर तो इशारा करती ही है साथ ही साथ जन्म से अंधी एक विकलांग लड़की के अस्तित्व की समाज द्वारा की गई उपेक्षा को भी सामने लाती है। उद्योगों द्वारा अवैध तरीके से खेल मैदान में डंफ किये गए गर्म राख में जलकर आठ साल की किसी अंधी लड़की के अस्वाभाविक मौत का जब समाज विरोध नहीं करता तब उसे संवेदनहीन समाज ही कहा जा सकता है। यह कहानी समाज की इस संवेदनहीनता को भी सामने लाकर एक प्रश्न खड़ा करती है।

 


कहानी : तोहफा

शायद नाली में बहने वाला पानी नाली से बाहर सड़क पर आकर बहना चाहता था पर सड़क उसके स्तर से थोड़े ऊंचे स्थान पर थी और उस स्तर तक पहुंचने के लिए उस पानी का अस्तित्व काफी नहीं था । पर यह चमत्कार था या ईश्वर ने उस काले कलूटे पानी की कामना सुन ली थी कि नाली के ठीक सामने बने खप्पर की छत वाले कच्चे मकान में रहने वाली राधा बाई ने एक बाल्टी गंदा पानी छपाक से नाली में उड़ेल दिया और पाने की इच्छा पूरी हो गई। करीब एक हाथ गहरी नाली से बाहर निकलकर वह सड़क पर बहने लगा। कुछ ही देर में वह सड़क पर बने गड्ढों में अपना आशियाना बनाने लगा तभी धड़ धड़ की आवाज आई। सामने से एक ऑटो रिक्शा तेजी से आया और गड्ढे से गुजरते हुए अपने पीछे फव्वारा छोड़ता चला गया और फिर पानी छिटकता हुआ कुछ ही दूर खड़े एक आवारा कुत्ते पर पड़ा जो अचानक हुए इस प्रहार से थोड़ा सकपका गया और दुम हिलाता हुआ भाग खड़ा हुआ।

हर रोज की तरह आज की सुबह भी अखबार वाला निश्चित घरों में अखबार फेंकता निकला। पर आज ठेकेदार के घर से अखबार लेने कोई बाहर नहीं आया। ठेकेदार के घर में एक अजीब सी शांति छाई हुई थी जिसकी वजह सारे मोहल्ले में हो रही खुसफुसाहट ही थी। अंदर ही अंदर चल रही इस खुसफुसाहट की वजह सारे मोहल्ले वासियों के लिए एक गरमा गरम खबर थी। पर ठेकेदार के घर में बिछी शांति उन लोगों को जरा उदास कर देती जो इस नए मसले पर बहस बाजी के लिए तैयार बैठे थे। पर वह शांति अगले कई महीनों तक बिछी रहने वाली थी और लोग कुछ दिनों तक लोक चर्चा करने के बाद उस रहस्यमई शांति के आगे माथा टेक कर खुद भी शांत हो जाने वाले थे। जो लोग कुछ चंचल थे वे किसी और मसले की तलाश में भिड़ जाने वाले थे।

सब कुछ फिर से सामान्य हो जाने वाला था मानो कुछ हुआ ही नहीं । मानो यहां कुछ असामान्य होता ही नहीं। मानो इस दुनिया में घुटनों के ऊपर तक की फ्रॉक पहनने वाली और दिन और रात में फर्क न कर पाने वाली बबली नाम की किसी लड़की का कभी कोई अस्तित्व रहा ही ना हो। घोड़ा को घोला और टीम टीम को तिम तिम कहने वाली किसी जन्मांध लड़की का आना या जाना या फिर किसी एक जगह पर स्थिर रहना या घोड़ा को घोला कहना किसी के भी काम का नहीं था। जैसे वह कोई गैर जरूरी अस्तित्व रखती थी या फिर रखती ही नहीं थी।

सब कुछ सामान्य हो जाना सामान्यतया मुमकिन नहीं था। सब कुछ के फिर से सामान्य बन जाने के पीछे कुछ लोगों के अथक प्रयास थे। सब कुछ फिर से पहले की तरह सामान्य बनाने के लिए कुछ लोगों ने कोशिश की थी जिससे कुछ और लोग लोकचर्चा के लिए मसाला ना मिल पाने की शिकायत लेकर उदास हो जाने वाले थे। ठेकेदार को शायद यह मालूम था पर अमुक ढंग से की गई लोगों की इस शिकायत के प्रति उसकी उदासीनता ने महज आठ वर्ष की बबली के अस्तित्व को सिर्फ इतना ही हक दिया कि वह जाते जाते लोगों के बीच से चोरी चोरी थोड़ी सी खुसफुसाहट बटोर सके और किसी लोकल अखबार में अपनी नन्ही उंगलियों के जितनी बड़ी लंबाई और अपने अंगूठे के बराबर की चौड़ाई वाले एक कोने के कालम की ताजा खबर बन सके । वह खबर जो न्यूनतम लोगों का ध्यान खींच सकती थी, जिसमें किसी बच्चे के खिलौने और एक अधजले डंडे के पीछे छूट जाने का कोई जिक्र नहीं था । जिससे किसी लड़की की चीखें सुनाई नहीं पड़ती थीं।

ठेकेदार के घर के सामने से होकर गुजरने वाले एक बार घर के अंदर झांकने का कष्ट जरूर करते और फिर निराश होकर निकल जाते और जब राधाबाई की झोपड़ी के सामने से गुजरते तब राधाबाई का तोता टैं टैं करता, जिसे देख कर कोई उसके पास जाकर उससे बात करने की चेष्टा करता, कोई गाली बकता हुआ निकल जाता और कोई ऐसे गुजरता की कोई तोता वहां है ही नहीं, मानो उन्होंने किसी की टैं टैं सुनी ही नहीं। वैसे ही जैसे ठेकेदार के घर के आंगन में बने एक छोटे से झूले के नीचे (जिसमें झूलने वाला अब कोई नहीं) पड़ी एक गुड़िया को लोग नजरअंदाज कर जाते। वह गुड़िया जिस की दोनों आंखें फोड़ दी गई थीं और जिसकी एक तरफ की चोंटी बंधी थी और दूसरी तरफ का बाल खुला हुआ था जिससे आखिरी बार उसकी मालकिन ने दिशा मैदान जाने से पहले खेला था और जिसे कुछ समय बाद घर की नौकरानी कचरे के साथ फेंकने वाली थी। बबली के सबसे प्रिय खिलौने को कचरे में फेंकने वाली थी, उस कचरे में जो आंगन के एक कोने में जमा था। वह कचरा जिसमें चेरी के उस पेड़ से टपक टपक कर गिरे फलों का ढेर था, जिसमें वह झूला टंगा था , जिसके फलों को खाने का कष्ट कोई नहीं करता था। जिसके दानों पर खाने वाले का नामोनिशान नहीं था और उसके फल सड़ जाने को बाध्य थे।

सचमुच सबकुछ सामान्य हो जाने वाला था। घर में बिछी शांति कुछ ही दिनों में दम तोड़ देने वाली थी। चहल पहल फिर से घर में शुरू होने वाली थी पर बबली का जिक्र अब नहीं होने वाला था। अन्य चीजें जस की तस रहने वाली थीं। बबली की मां रोज की तरह स्नान के बाद एक बार फिर आंगन में लगे एक छोटे से तुलसी के नन्हे से पौधे में लोटा भर पानी डालने वाली थी। सब कुछ अन्य दिनों की तरह होने वाला था सिवाय एक दिन के जब वह अपना सब्र खो कर तुलसी के आगे घुटनों के बल पड़ कर दहाड़ें मारकर रोने वाली थी और घर के अन्य लोग उन्हें दिलासा देने को आने वाले थे। ठेकेदार की आंखों में दुख था या नहीं यह कोई नहीं कह सकता क्योंकि बिना सच जाने कोई निर्णय लिया नहीं जा सकता था और ना ही किसी निर्णायक या उसके निर्णय की कोई आवश्यकता यहां थी पर कोई बात थी जिसका प्रमाण किसी के पास नहीं था। जिनके पास था भी उनके तो मुंह बंद थे।

महीनों बीतने लगे थे। अप्रैल खत्म हो चला था। मई की आखिरी चंद शामें भी बीतने लगी थीं। कुछ दिनों बाद शायद बारिश भी होने वाली थी या शायद महीनों बाद भी नहीं होने वाली थी। दूर के छोटे से घर में रहने वाली वृंदा का बेटा अपनी मां के हाथों पिट रहा था। कारण वह पढ़ने लिखने के बजाय खेलने कूदने में मगन था और उसकी मां उसे यह कहकर धमकी देते हुए मार रही थी कि यदि उसने पढ़ाई नहीं की तो वह उसे गांव में छोड़ आएगी जहां वह बकरियां चराएगा। मार खाता हुआ वह सोच रहा था कि उसके दादाजी की तो ढेरों बकरियां हैं , वह इतनी सारी बकरियों को अकेले कैसे चरा पाएगा। जिनकी बकरियां नहीं होतीं वे क्या चराते होंगे? क्या बकरियां खुद नहीं चर सकतीं या कुछ ऐसा नहीं हो सकता कि टीवी के रिमोट की तरह बटन दबाते ही बकरियां चरने चली जाएं और फिर बटन दबाते ही दौड़ कर वापस आ जाएं । तभी उसके सिर पर प्रहार हुआ, चटाक! और वह बकरियों को भूल कर रोने लगा।

ठेकेदार के घर में अब अखबार पड़ते ही वह बाहर कुर्सी लगाकर बैठ जाता और अखबार में ही आंखें गड़ा लेता। अपनी बेटी की मौत का जिक्र वह नहीं करना चाहता था । वह सब कुछ भूलना चाहता था। उसका मुंह बंद था। मुंह बंद कराने का यह शुभ कार्य खुद मैनेजर साहब ने उसके घर पधार कर किया था जहां करीब दो घंटे तक घर के लोगों से वार्तालाप करने के बाद वह अपनी तोंद हिलाता हुआ बाहर निकला था और उनके पीछे-पीछे खुद ठेकेदार निकला था और उन्हें विनम्रता पूर्वक विदा कर रहा था। उसकी विनम्रता ही दर्शा रही थी कि धन की शक्ति आज भी बरकरार है। उस घटना से हर कोई अपना पल्ला झाड़ लेना चाहता था जैसे किसी का कोई दोष ही नहीं था । और समय के हिसाब से शायद सचमुच ही किसी का कोई दोष नहीं था। ना उस तोंद हिलाने वाले मैनेजर का, ना उस ठेकेदार का, ना ही दहाड़ें मारकर रोने वाली उस मां का और ना ही खुसुर फुसुर करने वाले लोगों का।

शायद दोष उस रोशनी का भी नहीं था जो कभी बबली को रास्ता नहीं दिखा पाई। शायद दोष उस शोरगुल का भी नहीं था जिसे मैदान में खेल रहे बच्चों ने मचाया था और जिसे सुनकर बबली उस ओर आकर्षित होकर चली गयी थी।

शायद दोष उस डंडे का था जिसके सहारे चलती हुई वह मैदान की तरफ लपकी थी । वह डंडा जो आधा जल जाने वाला था और अगले कई दिनों तक मैदान में यूं ही तनहा पड़ा रहने वाला था और अपनी सजा काटने वाला था। शायद दोष कहीं ना कहीं उस गुड़िया का भी था जिसकी आंखें उसकी मालकिन ने फोड़ डाली थीं और जो कई दिनों तक चेरी के सड़ रहे फलों के बीच मुंह छुपाकर पड़ी रहने वाली थी।

क्योंकि यहां दोषी वही होता है जो सजा पाता है। कि सच्चाई का पता लगने के बाद और सब कुछ पानी की तरह साफ होने पर भी लोगों को सिर्फ बबली का दोष ही नजर आने वाला था । उसका दोष यह था कि अपने अंधेपन के बावजूद वह मैदान में खेलने निकली थी। उस मैदान में जहां खतरा है , उस खतरे में जो उसके लिए मौत का तोहफा लिए खड़ा है। यहां छत्तीसगढ़ के औद्योगिक नगरों में स्थित मैदान खतरों से खाली नहीं होते।वहां कहीं भी गर्म राख डंफ कर दिया जाता है।वे बबली जैसे बच्चों के लिए मौत का तोहफा लिए खड़े होते हैं और उनके डंडों को आधा जलाकर तन्हा छोड़ सकते हैं। उन मैदानों में किसी बच्चे के खेलने की जगह नहीं होती क्योंकि वहां तो कारखानों के मालिक गैरकानूनी रवैय्या अपनाते हुए गर्म राख का ढेर बिछा देते हैं जिसमें बबली के बाद उसके जैसे और कई बच्चे भी झुलस कर मौत की गोद में सो सकते हैं और जिसके लिए सिर्फ वे और उनके खिलौने, डंडे और झूले ही दोषी ठहरते हैं । कि यहां टीम टीम को तिम तिम और घोड़ा को घोला कहने वाले बच्चों को कोई याद नहीं रखता।

-----------------

डॉ. परिधि पेशे से दंत चिकित्सक हैं और इन दिनों दंत चिकित्सा में मास्टर डिग्री MDS  की पढ़ाई कर रही हैं।

 

 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इन्हें भी पढ़ते चलें...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला वागर्थ के फरवरी 2024 अंक में है। कहानी विभिन्न स्तरों पर जाति धर्म सम्प्रदाय जैसे ज्वलन्त मुद्दों को लेकर सामने आती है।  पालतू कुत्ते झब्बू के बहाने एक नास्टेल्जिक आदमी के भीतर सामाजिक रूढ़ियों की जड़ता और दम्भ उफान पर होते हैं,उसका चित्रण जिस तरह कहानी में आता है वह ध्यान खींचता है। दरअसल मनुष्य के इसी दम्भ और अहंकार को उदघाटित करने की ओर यह कहानी गतिमान होती हुई प्रतीत होती है। पालतू पेट्स झब्बू और पुत्र सोनू के जीवन में घटित प्रेम और शारीरिक जरूरतों से जुड़ी घटनाओं की तुलना के बहाने कहानी एक बड़े सामाजिक विमर्श की ओर आगे बढ़ती है। पेट्स झब्बू के जीवन से जुड़ी घटनाओं के उपरांत जब अपने पुत्र सोनू के जीवन से जुड़े प्रेम प्रसंग की घटना उसकी आँखों के सामने घटित होते हैं तब उसके भीतर की सामाजिक जड़ता एवं दम्भ भरभरा कर बिखर जाते हैं। जाति, समाज, धर्म जैसे मुद्दे आदमी को झूठे दम्भ से जकड़े रहते हैं। इनकी बंधी बंधाई दीवारों को जो लांघता है वह समाज की नज़र में दोगला होने लगता है। जाति धर्म की रूढ़ियों में जकड़ा समाज मनुष्य को दम्भी और अहंकारी भी बनाता है। कहानी इन दीवा...

रघुनंदन त्रिवेदी की कहानी : हम दोनों

स्व.रघुनंदन त्रिवेदी मेरे प्रिय कथाकाराें में से एक रहे हैं ! आज 17 जनवरी उनका जन्म दिवस है।  आम जन जीवन की व्यथा और मन की बारिकियाें काे अपनी कहानियाें में मौलिक ढंग से व्यक्त करने में वे सिद्धहस्त थे। कम उम्र में उनका जाना हिंदी के पाठकों को अखरता है। बहुत पहले कथादेश में उनकी काेई कहानी पढी थी जिसकी धुंधली सी याद मन में है ! आदमी काे अपनी चीजाें से ज्यादा दूसराें की चीजें  अधिक पसंद आती हैं और आदमी का मन खिन्न हाेते रहता है ! आदमी घर बनाता है पर उसे दूसराें के घर अधिक पसंद आते हैं और अपने घर में उसे कमियां नजर आने लगती हैं ! आदमी शादी करता है पर किसी खूबसूरत औरत काे देखकर अपनी पत्नी में उसे कमियां नजर आने लगती हैं ! इस तरह की अनेक मानवीय मन की कमजाेरियाें काे बेहद संजीदा ढंग से कहानीकार पाठकाें के सामने प्रस्तुत करते हैं ! मनुष्य अपने आप से कभी संतुष्ट नहीं रहता, उसे हमेशा लगता है कि दुनियां थाेडी इधर से उधर हाेती ताे कितना अच्छा हाेता !आए दिन लाेग ऐसी मन: स्थितियाें से गुजर रहे हैं , कहानियां भी लाेगाें काे राह दिखाने का काम करती हैं अगर ठीक ढंग से उन पर हम अपना ध्यान केन्...

डॉक्टर परिधि शर्मा की कहानी - ख़त

  शिवना नवलेखन पुरस्कार 2024 अंतर्गत डॉक्टर परिधि शर्मा के कहानी संग्रह 'प्रेम के देश में' की पाण्डुलिपि अनुसंशित हुई है। इस किताब का विमोचन फरवरी 2025 के नयी दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में शिवना प्रकाशन के स्टाल पर  किया जाएगा । यहाँ प्रस्तुत है उनकी कहानी  'ख़त' कहानी:    ख़त डॉ . परिधि शर्मा _______________ रात की सिहरन के बाद की उदासी ठंडे फर्श पर बूंद बनकर ढुलक रही थी। रात के ख़त के बाद अब कोई बात नहीं बची थी। खुद को संभालने का साहस भी मात्र थोड़ा-सा बच गया था। ख़त जिसमें मन की सारी बातें लिखी गईं थीं। सारा आक्रोश , सारे जज़्बात , सारी भड़ास , सारी की सारी बातें जो कही जानी थीं , पूरे दम से आवेग के साथ उड़ेल दी गईं थीं। ख़त जिसे किसी को भी भेजा नहीं जाना था। ख़त जिसे किसी को भेजने के लिए लिखा गया था। कुछ ख़त कभी किसी को भेजे नहीं जाते बस भेजे जाने के नाम पर लिखे जाते हैं। खिड़की के कांच के उस ओर खुली हवा थी। हवा के ऊपर आकाश। पेड़ पौधे सबकुछ। आजादी। प्रेम में विफल हो जाने के बाद की आजादी की तरह। खिड़की के पास बैठे हुए आकाश कांच के पार से उतना नंगा नहीं...

30 अक्टूबर पुण्यतिथि पर डॉ राजू पांडे को याद कर रहे हैं बसंत राघव "सत्यान्वेषी राजू पांडेय के नहीं होने का मतलब"

डॉक्टर राजू पांडेय शेम शेम मीडिया, बिकाऊ मीडिया, नचनिया मीडिया,छी मीडिया, गोदी मीडिया  इत्यादि इत्यादि विशेषणों से संबोधित होने वाली मीडिया को लेकर चारों तरफ एक शोर है , लेकिन यह वाकया पूरी तरह सच है ऐसा कहना भी उचित नहीं लगता ।  मुकेश भारद्वाज जनसत्ता, राजीव रंजन श्रीवास्तव देशबन्धु , सुनील कुमार दैनिक छत्तीसगढ़ ,सुभाष राय जनसंदेश टाइम्स जैसे नामी गिरामी संपादक भी आज मौजूद हैं जो राजू पांंडेय को प्रमुखता से बतौर कॉलमिस्ट अपने अखबारों में जगह देते रहे हैं। उनकी पत्रकारिता जन सरोकारिता और निष्पक्षता से परिपूर्ण रही है।  आज धर्म  अफीम की तरह बाँटी जा रही है। मेन मुद्दों से आम जनता का ध्यान हटाकर, उसे मशीनीकृत किया जा रहा है। वर्तमान परिपेक्ष्य में राजनीतिक अधिकारों, नागरिक आजादी और न्यायपालिका की स्वतंत्रता के क्षेत्र में गिरावट महसूस की जा रही है। राजू पांंडेय का मानना था कि " आज तंत्र डेमोक्रेसी  इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी में तब्दील हो चुकी है ,जहां असहमति और आलोचना को बर्दाश्त नहीं किया जाता और इसे राष्ट्र विरोधी गतिविधि की संज्ञा दी जाती है।" स्थिति इतनी भयावह हो गई ...

जैनेंद्र कुमार की कहानी 'अपना अपना भाग्य' और मन में आते जाते कुछ सवाल

कहानी 'अपना अपना भाग्य' की कसौटी पर समाज का चरित्र कितना खरा उतरता है इस विमर्श के पहले जैनेंद्र कुमार की कहानी अपना अपना भाग्य पढ़ते हुए कहानी में वर्णित भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के जीवंत दृश्य कहानी से हमें जोड़ते हैं। यह जुड़ाव इसलिए घनीभूत होता है क्योंकि हमारी संवेदना उस कहानी से जुड़ती चली जाती है । पहाड़ी क्षेत्र में रात के दृश्य और कड़ाके की ठंड के बीच एक बेघर बच्चे का शहर में भटकना पाठकों के भीतर की संवेदना को अनायास कुरेदने लगता है। कहानी अपने साथ कई सवाल छोड़ती हुई चलती है फिर भी जैनेंद्र कुमार ने इन दृश्यों, घटनाओं के माध्यम से कहानी के प्रवाह को गति प्रदान करने में कहानी कला का बखूबी उपयोग किया है। कहानीकार जैनेंद्र कुमार  अभावग्रस्तता , पारिवारिक गरीबी और उस गरीबी की वजह से माता पिता के बीच उपजी बिषमताओं को करीब से देखा समझा हुआ एक स्वाभिमानी और इमानदार गरीब लड़का जो घर से कुछ काम की तलाश में शहर भाग आता है और समाज के संपन्न वर्ग की नृशंस उदासीनता झेलते हुए अंततः रात की जानलेवा सर्दी से ठिठुर कर इस दुनिया से विदा हो जाता है । संपन्न समाज ऎसी घटनाओं को भाग्य से ज...

समकालीन कविता और युवा कवयित्री ममता जयंत की कविताएं

समकालीन कविता और युवा कवयित्री ममता जयंत की कविताएं दिल्ली निवासी ममता जयंत लंबे समय से कविताएं लिख रही हैं। उनकी कविताओं को पढ़ते हुए यह बात कही जा सकती है कि उनकी कविताओं में विचार अपनी जगह पहले बनाते हैं फिर कविता के लिए जरूरी विभिन्न कलाएं, जिनमें भाषा, बिम्ब और शिल्प शामिल हैं, धीरे-धीरे जगह तलाशती हुईं कविताओं के साथ जुड़ती जाती हैं। यह शायद इसलिए भी है कि वे पेशे से अध्यापिका हैं और बच्चों से रोज का उनका वैचारिक संवाद है। यह कहा जाए कि बच्चों की इस संगत में हर दिन जीवन के किसी न किसी कटु यथार्थ से वे टकराती हैं तो यह कोई अतिशयोक्ति भरा कथन नहीं है। जीवन के यथार्थ से यह टकराहट कई बार किसी कवि को भीतर से रूखा बनाकर भाषिक रूप में आक्रोशित भी कर सकता है । ममता जयंत की कविताओं में इस आक्रोश को जगह-जगह उभरते हुए महसूसा जा सकता है। यह बात ध्यातव्य है कि इस आक्रोश में एक तरलता और मुलायमियत है। इसमें कहीं हिंसा का भाव नहीं है बल्कि उद्दात्त मानवीय संवेदना के भाव की पीड़ा को यह आक्रोश सामने रखता है । नीचे कविता की कुछ पंक्तियों को देखिए, ये पंक्तियाँ उसी आक्रोश की संवाहक हैं - सोचना!  सो...

रायगढ़ के राजाओं का शिकारगाह उर्फ रानी महल raigarh ke rajaon ka shikargah urf ranimahal.

  रायगढ़ के चक्रधरनगर से लेकर बोईरदादर तक का समूचा इलाका आज से पचहत्तर अस्सी साल पहले घने जंगलों वाला इलाका था । इन दोनों इलाकों के मध्य रजवाड़े के समय कई तालाब हुआ करते थे । अमरैयां , बाग़ बगीचों की प्राकृतिक संपदा से दूर दूर तक समूचा इलाका समृद्ध था । घने जंगलों की वजह से पशु पक्षी और जंगली जानवरों की अधिकता भी उन दिनों की एक ख़ास विशेषता थी ।  आज रानी महल के नाम से जाना जाने वाला जीर्ण-शीर्ण भवन, जिसकी चर्चा आगे मैं करने जा रहा हूँ , वर्तमान में वह शासकीय कृषि महाविद्यालय रायगढ़ के निकट श्रीकुंज से इंदिरा विहार की ओर जाने वाली सड़क के किनारे एक मोड़ पर मौजूद है । यह भवन वर्तमान में जहाँ पर स्थित है वह समूचा क्षेत्र अब कृषि विज्ञान अनुसन्धान केंद्र के अधीन है । उसके आसपास कृषि महाविद्यालय और उससे सम्बद्ध बालिका हॉस्टल तथा बालक हॉस्टल भी स्थित हैं । यह समूचा इलाका एकदम हरा भरा है क्योंकि यहाँ कृषि अनुसंधान केंद्र के माध्यम से लगभग सौ एकड़ में धान एवं अन्य फसलों की खेती होती है।यहां के पुराने वासिंदे बताते हैं कि रानी महल वाला यह इलाका सत्तर अस्सी साल पहले एकदम घनघोर जंगल हुआ करता था ...

गंगाधर मेहेर : ओड़िया के लीजेंड कवि gangadhar meher : odiya ke legend kavi

हम हिन्दी में पढ़ने लिखने वाले ज्यादातर लोग हिंदी के अलावा अन्य भाषाओं के कवियों, रचनाकारों को बहुत कम जानते हैं या यह कहूँ कि बिलकुल नहीं जानते तो भी कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी ।  इसका एहसास मुझे तब हुआ जब ओड़िसा राज्य के संबलपुर शहर में स्थित गंगाधर मेहेर विश्वविद्यालय में मुझे एक राष्ट्रीय संगोष्ठी में बतौर वक्ता वहां जाकर बोलने का अवसर मिला ।  2 और 3  मार्च 2019 को आयोजित इस दो दिवसीय संगोष्ठी में शामिल होने के बाद मुझे इस बात का एहसास हुआ कि जिस शख्श के नाम पर इस विश्वविद्यालय का नामकरण हुआ है वे ओड़िसा राज्य के ओड़िया भाषा के एक बहुत बड़े कवि हुए हैं और उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से  ओड़िसा राज्य को देश के नक़्शे में थोड़ा और उभारा है। वहां जाते ही इस कवि को जानने समझने की आतुरता मेरे भीतर बहुत सघन होने लगी।वहां जाकर यूनिवर्सिटी के अध्यापकों से , वहां के विद्यार्थियों से गंगाधर मेहेर जैसे बड़े कवि की कविताओं और उनके व्यक्तित्व के बारे में जानकारी जुटाना मेरे लिए बहुत जिज्ञासा और दिलचस्पी का बिषय रहा है। आज ओड़िया भाषा के इस लीजेंड कवि पर अपनी बात रखते हुए मुझे जो खु...

अख़्तर आज़ाद की कहानी लकड़बग्घा और तरुण भटनागर की कहानी ज़ख्मेकुहन पर टिप्पणियाँ

जीवन में ऐसी परिस्थितियां भी आती होंगी कि जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती। (हंस जुलाई 2023 अंक में अख्तर आजाद की कहानी लकड़बग्घा पढ़ने के बाद एक टिप्पणी) -------------------------------------- हंस जुलाई 2023 अंक में कहानी लकड़बग्घा पढ़कर एक बेचैनी सी महसूस होने लगी। लॉकडाउन में मजदूरों के हजारों किलोमीटर की त्रासदपूर्ण यात्रा की कहानियां फिर से तरोताजा हो गईं। दास्तान ए कमेटी के सामने जितने भी दर्द भरी कहानियां हैं, पीड़ित लोगों द्वारा सुनाई जा रही हैं। उन्हीं दर्द भरी कहानियों में से एक कहानी यहां दृश्यमान होती है। मजदूर,उसकी गर्भवती पत्नी,पाँच साल और दो साल के दो बच्चे और उन सबकी एक हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा। कहानी की बुनावट इन्हीं पात्रों के इर्दगिर्द है। शुरुआत की उनकी यात्रा तो कुछ ठीक-ठाक चलती है। दोनों पति पत्नी एक एक बच्चे को अपनी पीठ पर लादे चल पड़ते हैं पर धीरे-धीरे परिस्थितियां इतनी भयावह होती जाती हैं कि गर्भवती पत्नी के लिए बच्चे का बोझ उठाकर आगे चलना बहुत कठिन हो जाता है। मजदूर अगर बड़े बच्चे का बोझ उठा भी ले तो उसकी पत्नी छोटे बच्चे का बोझ उठाकर चलने में पूरी तरह असमर्थ हो च...